home page

बक्सर में एससी मध्य विद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

 | 
बक्सर में एससी मध्य विद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित


बक्सर, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय, रघुनाथपुर में विद्यालय इको क्लब के तत्वावधान में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के अतिथियों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने अपने संबोधन में कहा, पेड़ प्राण के आधार हैं। जिस प्रकार माँ हमें जीवन, स्नेह और सुरक्षा देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधियाँ और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। प्रकृति रूपी माँ के पास लौटकर ही हमारा भविष्य सुरक्षित हो सकता है। आइए, माँ और प्रकृति—दोनों के सम्मान में एक-एक पौधा लगाएँ और उसकी जिम्मेदारी भी निभाएँ। यही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद साह ने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों का समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा उनके संरक्षण में ही निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद साह, रीता कुमारी, जयराम, प्रमोद राम, मुन्ना राम, राकेश कुमार, ताड़केश्वर सिंह, श्वेता राय, अलख शर्मा, सविता सिंह, मधुबाला ओझा, दरख्शा परवीन सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra