home page

एआई से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर : निशांत

 | 
एआई से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर : निशांत


पटना, 25 नवंबर (हि.स.) ।राज्य सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से बिहार सरकार की ओर से 'एआई फॉर ए हेल्थियर बिहार : फॉर्म इन्वेंशन टू इम्पैक्ट विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न क्षेत्रों को एआई से जोड़ने की विस्तृत कार्ययोजना और अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। दवाओं की उपलब्धता और आपूर्ति से लेकर जांच उपकरणों, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, अस्पतालों में बेड प्रबंधन और एम्बुलेंस सेवाओं तक एआई का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब मरीजों को भी समय पर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एआई स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, डॉक्टरों की कमी से निपटने, ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की पहुंच सुनिश्चित करने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सरकार की कोशिश है कि बिहार के किसी ग्रामीण इलाके में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी वैसी ही स्वास्थ्य सुविधा मिले, जैसी शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध है। अब समय आ गया है कि स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण जांच उपकरणों को भी एआई से जोड़ा जाए। सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाओं के साथ एक्स-रे रिपोर्ट के विश्लेषण में भी एआई की मदद ली जा सकती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी ग्रामीण क्षेत्र में मरीज का एक्स-रे होता है, तो एआई तकनीक की सहायता से उसमें बीमारी के संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान की जा सकती है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को पहचानने तथा समय पर आगे की जांच और उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी।

मंत्री निशांत ने कहा कि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़े शहरों में जाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराना भी आसान नहीं होता। ऐसी स्थिति में एआई को टेलीमेडिसिन से जोड़कर ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श दिलाया जा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को डिजिटलाइज करने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सामान्य वार्ड, आईसीयू , हाई डिपेंडेंसी यूनिट और अन्य क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध बेड की वास्तविक स्थिति मरीजों और उनके परिजनों को ऑनलाइन उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले आईजीआईएमएस के निदेशक से इस संबंध में बातचीत हुई थी। उनसे ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है, जिसके माध्यम से अस्पताल में उपलब्ध और खाली बेड की जानकारी रियल टाइम में मिल सके।

उन्होंने कहा कि बिहार स्वास्थ्य विभाग जल्द ही ऐसी स्मार्ट एम्बुलेंस लाने की दिशा में काम कर रहा है, जिनमें डिजिटल ईसीजी मशीन, पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। इसके अलावा जीपीएस आधारित लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल संपर्क, एआई आधारित मरीज की स्थिति का विश्लेषण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो परामर्श की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

निशांत ने कहा कि स्मार्ट एम्बुलेंस को ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से भी जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर 102, 104, 112 या 1033 जैसी हेल्पलाइन के माध्यम से एम्बुलेंस पहुंचती है। इसके बाद पैरामेडिकल स्टाफ मरीज का ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन सैचुरेशन और पल्स जैसे महत्वपूर्ण वाइटल्स की जांच करता है। उन्होंने कहा कि यदि इन जानकारियों को एआई सिस्टम से जोड़ा जाए, तो मरीज की स्थिति और संभावित जोखिम का शुरुआती आकलन किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी