home page

नहीं रहे ऐक्टू के राज्य महासचिव कॉमरेड आरएन ठाकुर

 | 
नहीं रहे ऐक्टू के राज्य महासचिव कॉमरेड आरएन ठाकुर


भागलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। ऐक्टू के राज्य महासचिव और भाकपा (माले) बिहार के संस्थापक नेतृत्वकारियों में से एक कॉमरेड आरएन ठाकुर (84 वर्ष) का रविवार को सुबह करीब 9 बजे इलाज के दौरान पीएमसीएच में निधन हो गया।

बीते 25 जून को ब्रेन स्ट्रोक के बाद बेहोशी की स्थिति में उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। वे ऐक्टू के राष्ट्रीय सचिव व दर्जनों सम्बद्ध यूनियनों के संस्थापक भी थे।

कॉमरेड आरएन ठाकुर की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पटना प्रस्थान करते हुए ऐक्टू के राज्य सचिव व भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य मुकेश मुक्त ने अत्यंत ही भारी मन से उनके निधन को मजदूर आन्दोलन के साथ ही वाम–जनवादी आन्दोलन की अपूरणीय क्षति बताया।

उन्होंने कहा कि उनके साथ ढेर सारी स्मृतियां जुड़ी हुई है। पूरा मजदूर आंदोलन हमेशा उनका शुक्रगुजार रहेगा। गरीबों – मजदूरों के हक - अधिकार और सम्मान की हर लड़ाई में वे हमेशा जीवित रहेंगे। आज के दौर में जब मजदूर वर्ग सबसे गहरे संकट का सामना कर रहा है, मेहनतकशों पर सबसे ज्यादा तीखे और सुनियोजित शासकीय हमले हो रहे हैं, ऐसे में आपकी कमी बहुत खलेगी।

अलविदा प्रिय कॉमरेड। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि। उनके निधन की खबर मिलते ही ट्रेड यूनियन और वाम–जनवादी कतारों में शोक की लहर दौड़ गयी। ऐक्टू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसके शर्मा, राज्य सचिव व भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य मुकेश मुक्त, नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल, पूर्व नगर सचिव सुरेश प्रसाद साह, जिला उपाध्यक्ष अरुणाभ शेखर व मनोज कृष्ण सहाय, जिला संयुक्त संयुक्त सचिव अमर कुमार व राजेश कुमार, असंगठित कामगार महासंघ के राज्य सचिव सुभाष कुमार आदि भागलपुर नेताओं कार्यकर्ताओं सहित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेतृत्वकारियों ने विभिन्न माध्यमों से गहरा शोक व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर