नकली धान बीज बिक्री की शिकायत पर कृषि विभाग अलर्ट,दुकानों की सघन जांच
अररिया 04 जून(हि.स.)।
खरीफ मौसम की शुरुआत के साथ ही धान की बुआई की तैयारियों में जुटे किसानों के हितों की रक्षा के लिए कृषि विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। फारबिसगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में नकली धान बीज की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल राज के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने शहर के कई खाद-बीज प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध धान बीज के स्टॉक, पैकेजिंग, कंपनी के प्राधिकरण पत्र, क्रय-विक्रय अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल राज ने बताया कि देश की एक प्रतिष्ठित बीज कंपनी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी कि उसके ब्रांड नाम से मिलते-जुलते नाम वाले नकली धान बीज बाजार में बेचे जा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा तत्काल जांच अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित कंपनी के फारबिसगंज क्षेत्र में केवल तीन अधिकृत विक्रेता हैं, जबकि कुछ अन्य दुकानों में भी उस कंपनी के नाम से मिलते-जुलते बीज बिकने की आशंका जताई गई थी।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी दुकान में संबंधित कंपनी के नकली धान बीज नहीं पाए गए। फिर भी विभाग इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आगे भी नियमित रूप से निगरानी एवं निरीक्षण जारी रहेगा।
कृषि विभाग ने कहा कि नकली बीज किसानों के लिए गंभीर आर्थिक नुकसान का कारण बन सकते हैं। ऐसे बीजों के प्रयोग से अंकुरण क्षमता कम हो सकती है, फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है तथा उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है। इससे किसानों की पूरी मेहनत और निवेश पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही बीज खरीदें, पैकेट पर अंकित कंपनी का नाम, बैच नंबर, उत्पादन एवं वैधता तिथि की जांच करें तथा खरीदारी के बाद रसीद अवश्य प्राप्त करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

