home page

कृषि विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 26वीं बैठक आयोजित

 | 
कृषि विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 26वीं बैठक आयोजित


नवादा, 11 अप्रैल (हि.स.)।भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद,नई दिल्ली के निर्देशानुसार कौआकोल प्रखंड स्थित जेपी आश्रम सोखोदेवरा के राजेंद्र भवन में शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र, ग्राम निर्माण मंडल नवादा के बैनर तले 26वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्घाटन ग्राम निर्माण मंडल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी जोन‑4, पटना) के निदेशक डॉ. अंजनी कुमार, इफ्को के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. सुशील कुमार पाठक, राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के निदेशक डॉ. विकास दास, ग्राम निर्माण मंडल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार एवं कोषाध्यक्ष दिलीप मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अंगवस्त्र व बुके देकर सम्मान के साथ हुई। इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. जयवंत कुमार सिंह ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करते हुए वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों का पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।

बैठक में कृषि उत्पादन एवं गुणवत्ता सुधार, आधुनिक कृषि तकनीक, बदलती जलवायु परिस्थितियों में उत्पादकता वृद्धि तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसान प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों ने कृषि एवं पशुपालन से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनका समाधान वैज्ञानिकों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा दिया गया।

अटारी जोन-4 पटना के निदेशक डॉ. अंजनी कुमार ने समीक्षा के दौरान कृषि वैज्ञानिकों को कमियों को दुरुस्त करते हुए कार्यों में आवश्यक सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वय से नई तकनीकों का विकास कर ही किसानों एवं पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। उन्होंने उद्यमिता विकास,फल एवं सब्जी संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति किसानों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया, जिससे ग्रामीण युवाओं में आत्मनिर्भरता बढ़े।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन