home page

अग्रसेन जयंती पर निकली शोभायात्रा, महाराज के जयकारों से गूंजा नगर

 | 
अग्रसेन जयंती पर निकली शोभायात्रा, महाराज के जयकारों से गूंजा नगर


भागलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। महाराज अग्रसेन जी की जयंती के पावन अवसर पर रविवार को भागलपुर शहर में एक एवं भव्य शोभा यात्रा अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। इस शोभायात्रा में मारवाड़ी समाज सहित शहर के महिला, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महाराज अग्रसेन के जयकारों और पारंपरिक भजनों से पूरा भागलपुर नगर भक्तिमय हो उठा। यह शोभायात्रा शहर के देवी बाबू धर्मशाला से प्रारंभ हुई। इसके बाद यह नगर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गोंकोतवाली चौक, अग्रसेन चौक और स्टेशन चौक होते हुए वापस देवी बाबू धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह पर स्थानीय नागरिकों और विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों द्वारा तोरण द्वार बनाकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु, गगनभेदी जयकारे और मनमोहक झांकियां इस रैली का मुख्य आकर्षण रहीं। शोभायात्रा के समापन पर देवी बाबू धर्मशाला में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसे समाज के मुख्य गणमान्य अतिथियों और प्रबुद्ध वक्ताओं ने संबोधित किया। मुख्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में महाराज अग्रसेन जी के जीवन दर्शन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठ जनों और शोभायात्रा को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सामूहिक आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ इस जन्मोत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर अग्रसेन समाज और मारवाड़ी समाज की कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न विंगों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर