शिक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई, एक शिक्षक निलंबित, दो पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा, सात की प्रतिनियुक्ति रद्द
अररिया 23 सितम्बर(हि.स.)। नरपतगंज प्रखंड के कुनकुन देवी प्लस टू उच्च विद्यालय, फुलकाहा में शिक्षकों के बीच मारपीट एवं अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरपतगंज की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
जांच में पाया गया कि विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के समक्ष विद्यालय अध्यापक आशीष आनंद एवं शारीरिक शिक्षक बृजभूषण यादव के बीच मारपीट, गाली-गलौज एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, इस दौरान हमला करने का प्रयास भी किया गया। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. महफुजुल्लाह की भूमिका भी जांच में संदेहास्पद एवं लापरवाहीपूर्ण पाई गई।
विद्यालय का संचालन उचित ढंग से नहीं किए जाने तथा अनुशासन एवं शासकीय मर्यादा प्रभावित होने के कारण उन्हें बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2005 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया गया है। उनके विरुद्ध अलग से आरोप पत्र प्रपत्र क भी निर्गत किया जाएगा।
वहीं, शिक्षक आशीष आनंद द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को असंतोषजनक पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जोकीहाट प्रखंड संसाधन केंद्र निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
इसके अलावा, शारीरिक शिक्षक बृजभूषण यादव के विरुद्ध भी विद्यालय परिसर में मारपीट, अनुशासनहीनता एवं सरकारी कार्यों में बाधा डालने के आरोप में विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुमोदन से की गई है।
शिक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता, आपसी विवाद एवं ऐसी गतिविधियां, जिनसे छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

