home page

डीएओ ने सिखाए उन्नत खेती के गुर,अनावश्यक कीटनाशकों से बचें और अपनाएं प्राकृतिक उपाय

 | 
डीएओ ने सिखाए उन्नत खेती के गुर,अनावश्यक कीटनाशकों से बचें और अपनाएं प्राकृतिक उपाय


कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले के आजमनगर प्रखंड की अरिहाना पंचायत अंतर्गत ग्राम लालगांव में आयोजित किसान पाठशाला के द्वितीय सत्र का निरीक्षण जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार एवं उप परियोजना निदेशक शशिकांत झा द्वारा किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों को शंकर धान की फसल में संतुलित उर्वरक प्रबंधन, बीज उपचार तथा रोग एवं कीट नियंत्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि अत्यधिक और असंतुलित खाद का उपयोग मिट्टी की उर्वरा शक्ति और फसल के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुँचाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोपाई या बुआई से पूर्व बीज उपचार करने से बीजजनित रोगों की रोकथाम होती है और पौधों का शुरुआती विकास बेहतर होता है।

अधिकारियों ने किसानों से खेतों की नियमित निगरानी करने और अनावश्यक कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की अपील की। इसके विकल्प के रूप में प्राकृतिक तकनीकों, घरेलू उपायों, मित्र कीटों के संरक्षण और एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर किसान पाठशाला की संचालक गुड्डी देवी, कृषि समन्वयक चंदन कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक इंद्रजीत यादव सहित किसान सोनी देवी, प्रेरणा कुमारी, चंचल कुमार मंडल, प्रभात शर्मा, लक्ष्मी मंडल सहित अन्य किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई वैज्ञानिक तकनीकों को अपने खेतों में लागू करें और अन्य किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह