किशोरी छात्राओं को महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
किशनगंज, 24 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कोचाधामन प्रखंड के डेरामारी स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय में किशोरी छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला एवं बाल विकास निगम (डब्ल्यूसीडीसी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, शिक्षा, आत्मसम्मान और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह सह-नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम किशनगंज बंदना पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान जिला मिशन समन्वयक शाहबाज आलम, जेंडर विशेषज्ञ सुशील कुमार झा और वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रोशनी प्रवीण ने छात्राओं को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी तथा महिलाओं एवं किशोरियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप नहीं रहने और उचित सहायता लेने की अपील की।
साथ ही शिक्षा को आत्मनिर्भरता का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर की भूमिका की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को यहां एक ही स्थान पर परामर्श, कानूनी सहायता और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी बंदना पांडेय ने अपने संदेश में कहा कि बेटियां समाज की शक्ति और भविष्य हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण, समान अधिकार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है। बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव समाप्त करने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर के अशोक कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं। छात्राओं ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

