home page

बाढ़-सुखाड़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 | 
बाढ़-सुखाड़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई


सीवान, 02 जून (हि.स.)।संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के सचिव-सह-सीवान के प्रभारी सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि मानसून के दौरान बाढ़, जलजमाव और सुखाड़ जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में सभी विभागों को अभी से सतर्क रहकर कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन केवल एक विभाग का कार्य नहीं है, बल्कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास और समन्वय से ही राहत एवं बचाव कार्य सफल हो सकते हैं।

समीक्षा के दौरान बाढ़ नियंत्रण, जल संसाधन एवं जल निकासी व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को तटबंधों, नहरों और जल निकासी तंत्र की लगातार निगरानी करने तथा संभावित कमजोर स्थलों की पहचान कर समय रहते मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रभारी सचिव ने कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों को संभावित सुखाड़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक कार्ययोजना तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए राहत एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तैयारी पहले से पूरी कर ली जाए।

बैठक में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आपदा की स्थिति में शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए। आवश्यक दवाओं, चिकित्सा टीमों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रभारी सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन के कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करते रहें।बैठक का संचालन अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) आईए अंसारी ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma