home page

अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, नवंबर में 17 वाहन जब्त, पांच प्राथमिकी दर्ज

 | 
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, नवंबर में 17 वाहन जब्त, पांच प्राथमिकी दर्ज


किशनगंज, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खनन गतिविधियों, राजस्व संग्रहण, अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि नवंबर माह में जिले में खनन राजस्व के रूप में कुल 3109.84 लाख रुपये का संग्रहण किया गया है। डीएम ने राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि नवंबर माह में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाकर कुल 17 वाहनों को जब्त किया गया तथा पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई। डीएम ने इस अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर अवैध खनन प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों में नियमित छापेमारी करने को कहा। बैठक में वाहनों के आईएसटीपीसी एवं परिवहन से संबंधित दस्तावेजों, परमिट और अन्य कागजातों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया। विभागीय वेबसाइट के माध्यम से दस्तावेजों का सत्यापन करने पर भी जोर दिया गया, ताकि फर्जी कागजात के आधार पर खनिजों का परिवहन नहीं हो सके।

इसके अलावा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त शिकायतों और आसूचनाओं पर त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया। एसपी संतोष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क की पहचान कर संलिप्त लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाए। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह