खनिज लदे वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, हाईवे पर जांच में पांच वाहन जब्त
किशनगंज, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। शुक्रवार को ठाकुरगंज अनुमंडल के पौआखाली थाना क्षेत्र स्थित हाईवे पर खनिज लदे भारी वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनभर से अधिक ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य भारी वाहनों को रोककर उनके कागजात और खनिज परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच अभियान के दौरान कुल पांच वाहनों को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हाईवे पर अचानक जांच अभियान शुरू होने से खनिज लदे वाहनों की कतार लग गई। पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों ने एक-एक वाहन को रोककर परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की। इस दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन के वैध कागजात भी मांगे गए। मौके पर पौआखाली थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहे। वहीं, 30 अक्टूबर को शाम 5:17 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखानी थाना क्षेत्र से बहादुरगंज के बीच चलाए गए अभियान में कुल पांच वाहनों को जब्त किया गया।
इसकी पुष्टि किशनगंज के खान निरीक्षक सुनील कुमार ने की। खनिज परिवहन में नियमों की अनदेखी और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज ढुलाई की शिकायतों के मद्देनजर यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच अभियान के दौरान वाहनों के परिवहन संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल कर नियमों के उल्लंघन के मामलों में जब्ती की कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज कारोबारियों और परिवहनकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि खनिज परिवहन में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

