home page

ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को निर्देश

 | 
ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को निर्देश


किशनगंज, 17 मार्च (हि.स.)। आगामी ईद-उल-फितर (ईद), को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने बताया कि किशनगंज जिला पश्चिम बंगाल से सटा हुआ सीमावर्ती क्षेत्र है तथा वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संवेदनशीलता बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, सूचनाओं का संकलन करने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, ईद-उल-फितर का पर्व 20 या 21 मार्च को चांद दिखने के आधार पर मनाया जाएगा। इस दौरान मस्जिदों एवं ईदगाहों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नमाज अदा करेंगे तथा कुछ स्थानों पर मेलों का आयोजन भी होगा। इसे ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उप विकास आयुक्त ने ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा, वहीं अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त और विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।

बैठक में सभी थानों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। ईद पर्व के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, किशनगंज में स्थापित रहेगा, जो 20 मार्च की सुबह 6 बजे से 21 मार्च तक लगातार कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह