home page

किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य

 | 
किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य


किशनगंज, 20 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि किशनगंज में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 9,559 से अधिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सेवा भी पूरी तरह बहाल हो चुकी है। उपभोक्ताओं को अब एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर उन्हें सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।प्रशासन द्वारा शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल एलपीजी से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह