home page

जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7017 से अधिक सिलेंडर स्टॉक में: डीएम

 | 
जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7017 से अधिक सिलेंडर स्टॉक में: डीएम


किशनगंज, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

डीएम विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में 7017 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग कर सकते हैं। कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आज एलपीजी गैस से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह