home page

जर्जर पुल के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

 | 
जर्जर पुल के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन


सुपौल, 03 नवंबर (हि.स.)। सदर प्रखंड की बलहा पंचायत में बलहा गांव से दूधा गांव को जोड़ने वाली छोटी नहर पर बना पुल जर्जर अवस्था में है। पुल की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर जर्जर पुल का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि बलहा पंचायत के बीच से गुजरने वाली छोटी नहर पर बना यह पुल दोनों गांवों के ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस पुल से होकर गुजरते हैं। लेकिन पुल की जर्जर स्थिति के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।

उन्होंने कहा कि पुल की बदहाली से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद अब तक इसके निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है। समय रहते पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लक्ष्मण कुमार झा ने जिला प्रशासन से जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए पुल की शीघ्र जांच कराने तथा नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में रामचंद्र राम, लक्ष्मी पासवान, गोपाल पासवान, सागर यादव, रूपक पासवान, गजेंद्र पासवान, चंदेश्वरी पासवान और दिगंबर पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र