home page

पोठिया में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर सरकार से मांगी गई कार्रवाई रिपोर्ट

 | 
पोठिया में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर सरकार से मांगी गई कार्रवाई रिपोर्ट


किशनगंज, 16 जुलाई (हि.स.)। पोठिया प्रखंड में पूर्व से प्रस्तावित राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद द्वारा इस संबंध में बिहार के राज्यपाल को भेजे गए पत्र पर राज्यपाल सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इससे पोठिया में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की उम्मीदें फिर से बढ़ गई हैं।

सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने 29 जून 2026 को राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा कि बिहार सरकार ने सात निश्चय योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में किशनगंज जिले के पोठिया, कोचाधामन, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित करने की घोषणा हुई थी। हालांकि पोठिया को छोड़कर अन्य तीनों प्रखंडों में कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जबकि पोठिया में अब तक यह योजना अधूरी है। सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि पोठिया में कॉलेज निर्माण के लिए अंचल प्रशासन द्वारा पहले ही पांच एकड़ सरकारी भूमि चिन्हित की जा चुकी है। अंचल अधिकारी, पोठिया के पत्रांक 1280 दिनांक 23 जून 2025 के अनुसार मौजा कोल्था, थाना संख्या-162, खाता संख्या-626, खेसरा संख्या-1888 की पांच एकड़ सरकारी भूमि इस उद्देश्य के लिए उपलब्ध है। इसके बावजूद कॉलेज की स्थापना नहीं होना क्षेत्र के छात्रों के साथ अन्याय है।

पत्र में सांसद ने यह भी कहा कि अस्थायी संबद्धता प्राप्त एक निजी महाविद्यालय के संचालन के आधार पर राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रस्ताव को निरस्त किए जाने की सूचना मिली है। उन्होंने तर्क दिया कि निजी महाविद्यालय प्रखंड के एक छोर पर चाय बागान क्षेत्र में स्थित है, जिससे दूरदराज के गांवों और पंचायतों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

सांसद के अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए राज्यपाल के अपर सचिव सुमन कुमार ने 6 जुलाई 2026 को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रतिवेदन राज्यपाल सचिवालय और सांसद को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें उच्च शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि सरकार शीघ्र निर्णय लेकर पोठिया में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना का वर्षों पुराना सपना साकार करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह