फर्जी दाखिल-खारिज मामले में तत्कालीन सीओ पर कार्रवाई
किशनगंज, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में फर्जी दाखिल-खारिज के मामले में राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन अंचल अधिकारी सुचिता कुमारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाया है।
विभाग ने उनकी दो वेतन वृद्धि पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। जानकारी के अनुसार, जमीन के दाखिल-खारिज में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान अनियमितता सामने आने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को दोषी पाया। सूत्रों के मुताबिक, तत्कालीन सीओ के कार्यकाल में नियमों की अनदेखी कर दाखिल-खारिज किया गया था।
विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोष सिद्ध होने पर यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और अन्य अधिकारियों को भी नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

