छठ महापर्व में आम की लकड़ी के साथ मिट्टी चूल्हे की बढ़ी मांग
नालंदा, बिहारशरीफ 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को संकल्प व्रत के साथ आरंभ होगा। इसका समापन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर किया जाएगा।
चार दिवसीय व्रत को लेकर मौसमी कारोबारियों की ओर से प्रमुख चौक-चौराहों पर दुकानों को सजाया गया है। छठ पर्व को लेकर सजे बाजार में बांस निर्मित सूप-दउरा की खरीदारी शुरू हो गई है। सड़क किनारे और दुकानों में सूप , छोटी टोकरी , डगरा व दउरा ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने लगा है।
कारोबारी बिपीन साल ने बताया कि सूप की खेप देवघर , मधुपुर व साहिबगंज से मंगाई जाती है। वहीं टोकरी की खेप सिमूलतला , नवादा और लखीसराय से आती है। डगरा बांका से मंगाया जाता है।
बांस निर्मित पंखा भी बांका व देवघर के विभिन्न क्षेत्रों से आता है। कारोबारियों ने बताया कि संकल्प व्रत नहाय-खाय के दिन से सूप , दउरा , डगरा व छोटी टोकरी की खरीदारी अधिक होगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सजे बाजार में छठ के नियमित उपयोग में आने वाली सामग्री सजने लगी है। छठ पर्व को लेकर व्रतियों के लिए बाजार में पीतल का भी सूप उपलब्ध है।
पीतल सूप खरीदने के बाद भी बाजार में नया सूप उपयोग को लेकर बांस की कमाची से तैयार सूप की खरीदारी होती है। नालंदा में पीतल सूप व बर्तन के कारोबार से जुड़े कारोबारी शंभु प्रसाद ने बताया कि पीतल सूप वजन के हिसाब से बिकता है। बाजार में पीतल 800 से 1600 रुपये प्रति किलो की दर पर बिक रहा है।
कारोबारियों की मानें तो ज्यादातर पीतल-कांसा के बर्तन यूपी के मिर्जापुर , परेव , जगादरी व मुरादाबाद से आता है। बाजार में वजन के अनुकूल पीतल-कांसा का बर्तन उपलब्ध है। जहां एक ओर सूप : 85 से 125 रुपये प्रति पीस।दउरा : 175 से 350 रुपये प्रति पीस।टोकरी : 150 से 250 रुपये प्रति पीस।
दउरा डबल बुनाई: 300 से 600 रुपये प्रति पीस।पीतल सूप : 800 से 1600 रुपये प्रति पीस।टोपिया: 1000 से 1800 रुपये प्रति पीस।गगरा: 900 से 1700 रुपये प्रति पीस।थाली: 900 से 1200 रुपये प्रति पीस। के साथ बाजार तैयार किया गया है वहीं दूसरी ओर छठ को लेकर सजे बाजार में खरना का प्रसाद व अर्ध्य के लिए ठेकुआ बनाने को लेकर आम की लकड़ी व मिट्टी के चूल्हा की मांग बढ़ गई है।
मौसमी कारोबारियों की ओर से चौक-चौराहों पर सजाई गयी दुकानों में खरीदार आम की लकड़ी व मिट्टी चूल्हा को खरीद रहे हैं। काराबोरियों ने बताया कि आम की लकड़ी 120 से 150 रुपये के बीच प्रति पांच किलो की दर पर दुकान में बिक रही है।
मिट्टी चूल्हा 150 से 250 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। आम की लकड़ी दक्षिणी क्षेत्र से जमुई में आती है। मिट्टी चूल्हा की तरह लोहे की चादर से बना चूल्हा भी बाजार में उपलब्ध है। यह चूल्हा 700 से 1400 रुपये के बीच प्रति पीस की दर पर उपलब्ध है। इसकी भी खरीदारी व्रतियों के द्बारा की जा रही है। बाजार में मिट्टी से निर्मित दीया , कढ़ना , कढ़नी की भी बिक्री जोर पकड़ रही है। पूरा माहौल छठमय से अवलोकित होने लगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

