कला, संस्कृति एवं युवा विभाग नालंदा में करेगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन
नालंदा, बिहारशरीफ 08 अक्टूबर (हि.स.)।कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।उत्सव में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, नालंदा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिता का आयोजन आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, नालंदा (पता-किसान कॉलेज रोड, ऐरावट पैलेस के बगल में, सोहसराय, बिहारशरीफ) में किया जाएगा।
29 अक्टूबर को वक्तृता (भाषण), समूह लोकगीत एवं समूह लोकनृत्य प्रतियोगिताएं टाउन हॉल (कर्पूरी भवन), बिहारशरीफ में आयोजित होंगी।प्रतिभागियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्र की गणना दिनांक 17 अगस्त 2020 तक की जाएगी। प्रतिभागियों को पेशा-भूषा, परिधान, वाद्य यंत्र, मंच सामग्री एवं संगत कलाकार की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। आयोजक द्वारा इसकी आपूर्ति नहीं की जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल के अध्यक्ष जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, नालंदा होंगे तथा निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। आवेदन पत्र जिला कला संस्कृति कार्यालय, नालंदा के टेलीग्राम ग्रुप से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, नालंदा में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जमा की जा सकती है। प्रतिभागियों को आवेदन पत्र के साथ अन्य आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो प्रतियां जमा करनी होंगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।सभी प्रतिभागियों के लिए सरकारी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

