home page

पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना में 428 सत्यापित आवेदनों को मिली स्वीकृति

 | 
पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना में 428 सत्यापित आवेदनों को मिली स्वीकृति


नालंदा, बिहारशरीफ 23 सितंबर (हि.स.)।जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में बुधवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग को सरकार के महत्वाकांक्षी योजना प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति (पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप) योजना अन्तर्गत जिला स्तर पर गठित प्रवेशिकोत्तर जिला छात्रवृत्ति समिति की बैठक सारा अशरफ,उप विकास आयुक्त, नालन्दा की अध्यक्षता में आयोजित की गई है।

बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग छात्र/छात्राओं के द्वारा पी०एम०एस० पोर्टल पर ऑनलाइन दिये गये आवेदन के आलोक में संस्थान, प्रखण्ड एवं जिला स्तर पर गठित समिति के द्वारा उनके आवेदनों एवं आवेदन में संलग्न अभिलेखों का सत्यापन करने के पश्चात् वर्ष 2024-25 के कुल 125 एवं 2025-26 के कुल-303 आवेदन सहित समेकित रूप से कुल-428 सत्यापित आवेदनों का समिति के द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

उप विकास आयुक्त, नालन्दा के द्वारा यह भी बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्र/छात्राओं जो 12वीं कक्षा, स्नातक, स्नातकोत्तर अथवा तकनीकी पाठ्यक्रमों में सत्र 2026-27 में नामांकित एवं अध्ययनरत है, को नये सत्र 2026-27 के लिए सरकार के द्वारा एनआइसी के माध्यम से पीएमएस पोर्टल के वेबसाईट-के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र/छात्राओंऔर पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र/छात्राओं के लिए -30-09-2026 तक आवेदन करने का अवसर प्रदान किया गया है।

संबंधित कोटि के छात्र/छात्राओं तथा उनके अभिभावकों एवं संबंधित सभी शैक्षणिक संस्थानों को आगाह किया गया है कि आवेदक छात्र/छात्रा अपने सभी अद्यतन कागजात / प्रमाण पत्र यथा-पाठ्यक्रम से संबंधित शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बोनाफाइड सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, फी रसीद, आधार कार्ड एवं बैंक खाता का विवरण आदि के साथ अन्तिम तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे