home page

नगर निगम ने चार घंटे में किया 99 शिकायतों का समाधान

 | 
नगर निगम ने चार घंटे में किया 99 शिकायतों का समाधान


नालंदा, बिहारशरीफ 08 सितंबर (हि.स.)। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को शिकायत से समाधान तक त्वरित एवं प्रभावी सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है “तत्पर बिहारशरीफ—शिकायत से समाधान तक” अभियान अब धरातल पर प्रभावी परिणाम दिखने लगा है। अभियान के प्रथम चरण में कूड़ा जमाव एवं कूड़ा उठाव से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नगर निगम ने इन शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम चार घंटे की समय-सीमा निर्धारित की है।नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 से 08 सितंबर 2026 तक अभियान के तहत कूड़ा उठाव एवं कूड़ा जमाव से संबंधित कुल 99 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम की संबंधित टीमों ने सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित चार घंटे की समय-सीमा के भीतर उनका सफलतापूर्वक निष्पादन किया। इस उपलब्धि से स्पष्ट है कि नगर निगम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।अभियान का मुख्य उद्देश्य नगरवासियों को ऐसी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें किसी समस्या के सामने आने के बाद उसके समाधान के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। खासकर शहर में विभिन्न स्थानों पर कूड़ा जमा होने तथा समय पर कूड़ा नहीं उठने जैसी समस्याओं को लेकर नागरिकों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए इस पहल को प्रभावी बनाया गया है।“तत्पर बिहारशरीफ” अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की स्थिति पर नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद संबंधित कर्मियों एवं टीमों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाता है। इसके बाद शिकायत के समाधान की स्थिति की भी निगरानी की जाती है, ताकि निर्धारित चार घंटे की समय-सीमा का पालन सुनिश्चित हो सके।अभियान को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन से संबंधित दैनिक प्रतिवेदन गूगल फॉर्म के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। इससे अधिकारियों को प्रतिदिन की स्थिति की जानकारी मिल रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं तथा उनका समाधान निर्धारित समय के अंदर हुआ या नहीं।नगर आयुक्त, बिहारशरीफ नगर निगम ने अभियान को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि “तत्पर बिहारशरीफ” के तहत प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार अधिकतम चार घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित टीमों को सक्रिय रहने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

नगर निगम का मानना है कि शिकायतों के त्वरित समाधान से न केवल शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि नागरिकों का नगर निगम के प्रति भरोसा भी मजबूत होगा। अभियान के माध्यम से प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास भी किया जा रहा है।नगर निगम ने बिहारशरीफ के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं कूड़ा जमा है या कूड़ा उठाव से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न हो रही है, तो इसकी सूचना “तत्पर बिहारशरीफ” अभियान के माध्यम से नगर निगम तक पहुंचाएं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे