home page

नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में नामजद आरोपित ने किया आत्मसमर्पण

 | 

किशनगंज, 01 अगस्त (हि.स.)। शहर के पश्चिमपाली स्थित एक नर्सिंग संस्थान की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद आरोपित राहुल कुमार दास ने शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।आरोपित के सरेंडर के बाद सदर थाना पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पुलिस जल्द ही न्यायालय में आवेदन दाखिल करेगी। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अब जांच एजेंसी का मानना है कि रिमांड पर पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है।गौरतलब है कि 29 जुलाई को पश्चिमपाली स्थित वार्ड संख्या-1 के छात्रावास में नर्सिंग की छात्रा तंजलि खातून का शव फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू की थी।

मृतका पश्चिम बंगाल के गुंजारिया निवासी तंजलि खातून थी। वह किशनगंज के एक निजी नर्सिंग संस्थान में अध्ययनरत थी तथा शहर के एक नर्सिंग होम में प्रशिक्षण के तहत नर्सिंग कार्य सीख रही थी। घटना के बाद मृतका के परिजन ने मौत को संदिग्ध बताते हुए आत्महत्या की आशंका से इनकार किया था। परिजन ने राहुल कुमार दास पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। अब आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए रिमांड पर पूछताछ की तैयारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह