पटना-गया एनएच-22 पर स्कूली बस और ट्रक की टक्कर में ट्रक ड्राइवर समेत तीन स्कूली बच्चे घायल
पटना, 12 मई (हि.स.)। पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-22 के मई हाल्ट के समीप मंगलवार सुबह ट्रक और स्कूली बस के बीच जोरदार टक्कर में ट्रक चालक समेत तीन स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक को गंभीर स्थिति में पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल स्कूली बस पब्लिक स्कूल, गया की थी। बस जहानाबाद से करीब 30 बच्चों को लेकर गया जा रही थी। बताया जा रहा है कि मई हाल्ट के पास बस एक बच्ची को चढ़ाने के लिए सड़क किनारे रुकी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस सड़क के गलत दिशा यानी रॉन्ग साइड में खड़ी थी, जिस कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के समय बस पर चढ़ रही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्चों की पहचान मानसी कश्यप, हसीर कादरी और यूसुफ कादरी के रूप में हुई है। वहीं ट्रक चालक अजय कुमार, जो जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरिसताबाद गांव का निवासी बताया जा रहा है।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि ट्रक चालक के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेजा गया है। वहीं घायल बच्ची मानसी कश्यप के सिर में गंभीर चोट लगी है। उसके परिजन भी उसे बेहतर इलाज के लिए पटना लेकर रवाना हो गए हैं। अन्य घायल बच्चों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना में किसकी लापरवाही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

