ऑटो और ई-रिक्शा में टक्कर, चार लोग घायल
भागलपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के तिलकामांझी–सबौर रोड पर शनिवार को तीन पहिया सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चालक वास्तव में नशे में था या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

