home page

मानदेय व सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर आशा-फैसिलिटेटरों का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

 | 
मानदेय व सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर आशा-फैसिलिटेटरों का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन


बक्सर, 13 जुलाई (हि.स.)।

बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ के आह्वान पर सोमवार को जिले की सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। नगर भवन के पास से निकला जुलूस नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचा, जहां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मांगपत्र सौंपा गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक सह राज्य उपाध्यक्ष अरुण कुमार ओझा, डैजी देवी, सरस्वती कुमारी, मंजू देवी एवं शीला देवी ने किया । सभा को संबोधित करते हुए अरुण कुमार ओझा ने कहा कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा कार्य कराती है, लेकिन समय पर मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया जाता। उन्होंने मोबाइल रिचार्ज राशि, पोशाक भत्ता तथा अन्य सुविधाओं में वृद्धि की भी मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र के स्वास्थ्य मंत्री एवं राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना के कार्यपालक निदेशक को संबोधित दो मांगपत्र भेजे। प्रमुख मांगों में संसद में घोषित बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि का एरियर सहित भुगतान, न्यूनतम ₹26 हजार मासिक वेतन, सामाजिक सुरक्षा, 10 हजार रुपये मासिक पेंशन, 10 लाख रुपये सेवानिवृत्ति लाभ, आशा कार्यकर्ताओं को सरकारी सेवक का दर्जा, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, मोबाइल व पोशाक भत्ता बढ़ाने तथा बंद आईडी तत्काल चालू करने की मांग शामिल है।

प्रदर्शन में प्रमिला कुमारी, शैल कुमारी, कंचन कुमारी, विमला कुमारी समेत सैकड़ों आशा एवं आशा फैसिलिटेटर शामिल रहीं। पेंशनर एसोसिएशन के परमहंस सिंह, हरे राम सिंह और कन्हैया सिंह ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra