home page

13 जुलाई को डीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगी आशा कार्यकर्ता, बकाया भुगतान की उठाई मांग

 | 
13 जुलाई को डीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगी आशा कार्यकर्ता, बकाया भुगतान की उठाई मांग


बक्सर, 09 जुलाई (हि.स.)।

बक्सर जिला आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ की आवश्यक बैठक पुरानी सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता आशा फैसिलिटेटर प्रमिला कुमारी ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक सह राज्य उपाध्यक्ष अरुण कुमार ओझा ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अरुण कुमार ओझा ने कहा कि आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद जिले की कई आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटरों को प्रोत्साहन एवं पारितोषिक की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिमरी प्रखंड में अब तक एक भी भुगतान नहीं हुआ है, जबकि अन्य प्रखंडों में भी आंशिक भुगतान किया गया है। साथ ही राज्य सरकार से मिलने वाली राशि तथा डिलीवरी एवं ऑपरेशन से जुड़े लाभार्थियों के भुगतान भी लंबे समय से लंबित हैं।

बैठक में लंबित सभी मांगों का शीघ्र समाधान, लाभार्थियों को समय पर भुगतान, प्रोत्साहन राशि में हो रही देरी की जांच तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इन मांगों के समर्थन में संघ ने 13 जुलाई को दोपहर 12 बजे जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन करने और मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया। संघ ने जिले की सभी आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटरों से अधिक से अधिक संख्या में नगर भवन, बक्सर के समीप पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में बिंदु देवी, अनु देवी, सरस्वती देवी, जामवंती देवी, प्रमिला देवी, विमला देवी, संजू देवी, पूनम देवी और उर्मिला देवी सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra