home page

सबौर कृषि विश्वविद्यालय ने विकसित की मड़ुआ की नई किस्म 'सबौर-वन', 13 क्विंटल तक मिलेगी उपज

 | 
सबौर कृषि विश्वविद्यालय ने विकसित की मड़ुआ की नई किस्म 'सबौर-वन', 13 क्विंटल तक मिलेगी उपज


भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के वैज्ञानिकों ने मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने मड़ुआ की एक नई उन्नत और जलवायु-अनुकूल किस्म 'सबौर-वन' तैयार की है। बदलते मौसम, अधिक तापमान और पानी की कमी जैसी चुनौतियों के बीच यह किस्म राज्य के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, 'सबौर-वन' की खेती में लागत काफी कम आती है और सिंचाई की भी न्यूनतम आवश्यकता होती है। कम उपजाऊ जमीन में भी यह किस्म प्रति हेक्टेयर लगभग 13 क्विंटल तक की बेहतरीन पैदावार देने में सक्षम है। पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण बाजार में मड़ुआ की भारी मांग रहती है, जिससे इसकी खेती करने वाले किसानों को अच्छा आर्थिक मुनाफा होने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय वर्ष 2023 से ही श्रीअन्न की विभिन्न फसलों पर लगातार शोध कर रहा है। इसके साथ ही, लोक आस्था के महापर्व छठ की सांस्कृतिक औरकृषि महत्ता को जोड़ते हुए विश्वविद्यालय के उद्यान परिसर में 1800 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक अनोखी मॉडल 'छठ वाटिका' स्थापित की गई है। कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह द्वारा उद्घाटित इस विशेष वाटिका में छठ पूजा के अर्घ्य में उपयोग होने वाले 11 प्रमुख फलों और सब्जियों का एकीकृत प्रदर्शन किया जा रहा है। इस वाटिका में गागर नींबू, कागजी नींबू, गन्ना, नारियल, केला, सिंघाड़ा, शकरकंद, हल्दी, अदरक, मूली और अमरूद जैसी फसलों को वैज्ञानिक पद्धति से उगाया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक फसलों के व्यावसायिक उत्पादन और फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करना है, ताकि पर्व-त्योहारों के समय किसानों की आय में सीधा इजाफा हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर