home page

किशनगंज में 26 नवंबर को होगा हवाई हमले और ब्लैकआउट का मॉक ड्रिल

 | 
किशनगंज में 26 नवंबर को होगा हवाई हमले और ब्लैकआउट का मॉक ड्रिल


किशनगंज, 24 नवंबर (हि.स.)। नागरिक सुरक्षा के तहत 26 नवंबर को जिले में हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।

इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी-सह-उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा अनिकेत कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मॉक ड्रिल को सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को सुबह 11 बजे इंटर बॉयज हाई स्कूल, किशनगंज में हवाई हमला नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित होगी। इसमें हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

इस दौरान विद्यालय में मौजूद बच्चों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन होगा। वहीं, शाम छह बजे गांधी चौक एवं समाहरणालय परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

इसमें आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था नियंत्रित करने तथा ब्लैकआउट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का अभ्यास कराया जाएगा। बैठक में एसडीओ अनिकेत कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को वाहन एवं उपकरणों के साथ तैयार रहने, जबकि पुलिस एवं यातायात विभाग को विधि-व्यवस्था, मार्ग नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अलावा सायरन, स्ट्रेचर, बचाव उपकरण, संचार एवं विद्युत व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों को भी सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

इसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, जनसुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव, एसडीआरएफ टीम कमांडर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह