home page

रेलवे द्वारा प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

 | 
रेलवे द्वारा प्रतियोगिता का हुआ आयोजन


भागलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने भागलपुर जिले स्थित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास उपरांत उद्घाटन से पूर्व स्कूली विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।

विभिन्न विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिताओं में लगभग 672 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों के लिए मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा एवं विकसित भारत में मेरा योगदान विषयों पर चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण (एलोक्यूशन) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के आधुनिक रेलवे स्टेशन की कल्पना करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पर विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त, सेल्फी विद स्टेशन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का उत्सव मनाने तथा पुनर्विकसित स्टेशन के साथ अपने जुड़ाव को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला, निबंध, भाषण एवं सेल्फियों के माध्यम से उल्लेखनीय रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं जागरूकता का परिचय दिया।

उन्होंने आधुनिक रेलवे स्टेशन के प्रति अपनी आकांक्षाओं तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी भारतीय रेल में हो रहे व्यापक परिवर्तन के प्रति नई पीढ़ी के गर्व एवं उत्साह को दर्शाती है। इन प्रतियोगिताओं में कुल 09 विजेताओं का चयन किया गया है।

इन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, उन्नत पहुंच-सुविधा तथा आधुनिक अवसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर