home page

इलाज के लिए मायागंज लाने के दौरान मुंगेर के 12 वर्षीय बच्चे की मौत

 | 
इलाज के लिए मायागंज लाने के दौरान मुंगेर के 12 वर्षीय बच्चे की मौत


भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर निवासी प्रेम कुमार के 12 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार की सोमवार को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। बच्चा अपनी नानी के घर सौल आया हुआ था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद यह दुखद घटना घटी। इस असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

परिजन से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात प्रीतम के पेट में अचानक हल्का दर्द हुआ था। उस समय परिजन ने उसे कोई दवा दी, जिससे दर्द ठीक हो गया और बच्चा सो गया। लेकिन सोमवार की सुबह अचानक उसकी हालत बेहद बिगड़ गई। बच्चे के शरीर में चमकी (दौरा) आने लगी और उसे सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। बच्चे की बिगड़ती स्थिति को देखकर घबराए परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक उपचार के लिए सौल ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने स्थिति को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।

परिजन उसे लेकर भागलपुर आ ही रहे थे कि रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इसके बावजूद बेहतर जांच की उम्मीद में परिजन उसे मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चे की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। डॉक्टरों द्वारा कागजी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की बात कहे जाने पर परिजन ने साफ इनकार कर दिया। परिजन का कहना था कि वे इस दुख की घड़ी में बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते और उसे सीधे अपने घर ले जाना चाहते हैं। बिना पोस्टमार्टम कराए ही परिजन शव को वापस घर ले गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर