अरुणाचल में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
इटानगर, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के अन्य हिस्सों की तरह आज अरुणाचल प्रदेश में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इटानगर के आईजी पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
भाजपा नेतृत्वाधीन राज्य सरकार द्वारा सभी क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों का ज़िक्र करते हुए, मुख्यमंत्री ने राज्य में हाल के घटनाक्रमों और सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए एक समान योग्यता मानदंड लागू करने के राज्य कैबिनेट के फ़ैसले के बारे में भी जानकारी दी। इन मानदंडों में स्थायी निवास प्रमाण पत्र, अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र की स्थिति और भाषा की जानकारी जैसी ज़रूरतें शामिल हैं।
खांडू ने कहा कि इस नए ढांचे का मकसद भर्ती प्रक्रिया में ज़्यादा स्पष्टता और एकरूपता लाना है, साथ ही अरुणाचल प्रदेश के योग्य उम्मीदवारों के लिए निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करना है।
राज्य के युवाओं की क्षमता पर ज़ोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रतिभाशाली और सक्षम हैं और अपनी क्षमता को साकार करने के लिए उन्हें सही मार्गदर्शन और दिशा की ज़रूरत है।
खांडू ने नागरिकों, खासकर युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैल रही गलत सूचनाओं के प्रति आगाह भी किया। उन्होंने लोगों से किसी भी जानकारी पर विश्वास करने या उसे शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि करने का आग्रह किया और सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म के ज़िम्मेदार इस्तेमाल के महत्व पर ज़ोर दिया।
उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी के लिए शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अरुणाचल प्रदेश के हर बच्चे को अच्छी गुणवत्ता वाली और भविष्य के लिए तैयार करने वाली शिक्षा मिले। पिछले एक साल में, 'मिशन शिक्षित अरुणाचल' ने स्कूल के बुनियादी ढांचे, हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर, सीखने की सुविधाओं में निवेश और समग्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार के ज़रिए काफी तेज़ी पकड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'मिशन शिक्षित अरुणाचल' के तहत, बुनियादी ढांचे, गवर्नेंस, शिक्षण की गुणवत्ता, डिजिटल शिक्षा आदि में व्यापक सुधारों के ज़रिए हमारी शिक्षा प्रणाली को बदलने के लिए 3,112.50 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
उन्होंने 'टीम अरुणाचल' का भी ज़िक्र किया जो अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से 2 गोल्ड मेडल, 5 सिल्वर मेडल और 10 प्रशंसा-पत्र पुरस्कारों की घोषणा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

