पुआल लदी पिकअप से 803 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
भागलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। शराब तस्करी के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला जिले के सबौर थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज गेट के समीप का है, जहां गुरुवार को उत्पाद विभाग की टीम ने पुआल लदी पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद शराब की मात्रा करीब 803 लीटर बताई गई है। जिसका अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए बताई जा रही है। दरअसल, गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के गोड्डा से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप भागलपुर के रास्ते बेगूसराय ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग ने तत्काल जांच अभियान शुरू किया। सब इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने सबौर थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज गेट के समीप सबौर के तरफ से आ रही पुआल लदी एक पिकअप वाहन को रोका गया। बाहर से देखने पर वाहन में बड़ी मात्रा में पुआल लदा हुआ था। पुलिस को शक होने पर वाहन की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की खेप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में कुल 90 कार्टन में विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 803 लीटर बताई गई है। शराब ऑफिसर चॉइस ब्लू ब्रांड की है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप चालक रांची निवासी पियूष पासवान को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में शराब की खेप झारखंड के गोड्डा से लाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की डिलीवरी बेगूसराय में किस व्यक्ति को दी जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

