home page

सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों से 64 हजार की 80 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

 | 
सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों से 64 हजार की 80 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार


भागलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को देखते हुए सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर अवैध सामानों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर से लावारिस हालत में छोड़े गए छह बैग और झोलों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 64,600 रुपये आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर इंस्पेक्टर अभिनीत कुमार सिंह के नेतृत्व और पीसी/एसजीजी के सुपरविजन में की गई. नियमित सघन जांच के दौरान उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल डीएस पाल और कांस्टेबल मिंटू कुमार जब जमालपुर छोर की तरफ बढ़ रहे थे, तो उन्हें सार्वजनिक शौचालय के पास दो पिट्ठू बैग, तीन हरे झोले और एक नीले-लाल रंग का झोला लावारिस अवस्था में दिखाई दिया। आरपीएफ की टीम ने सुरक्षा मानकों का कड़ा पालन करते हुए सबसे पहले आसपास के लोगों से पूछताछ की। जब काफी देर तक कोई भी उस सामान पर दावा करने नहीं आया, तो संदेह होने पर आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में बैगों और झोलों को खोलकर तलाशी ली। जांच करने पर उसमें विभिन्न नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब ठसाठस भरी हुई पाई गई।

पुलिस की सक्रियता को देखकर तस्कर पहले ही बैग छोड़कर मौके से फरार हो चुके थे। जब्त किए गए बैगों से विभिन्न ब्रांड के कुल 80 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद एसआई अजय कुमार ने मौके पर ही गवाहों के समक्ष जब्ती सूची तैयार की। इस बड़ी खेप की सूचना तुरंत भागलपुर के उत्पाद विभाग को दी गई। आरपीएफ ने कानूनी कार्रवाई और उचित निस्तारण के लिए पूरी खेप को उत्पाद विभाग, भागलपुर के सुपुर्द कर दिया है। रेलवे पुलिस अब स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार तस्करों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर