बारातियों से भरा वाहन गड्ढे में पलटा, 8 घायल,चार की हालत नाजुक
भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर शनिवार तड़के सुबह सुलतानगंज थाना क्षेत्र के कमरगंज के समीप बारातियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस भीषण सड़क हादसे में वाहन सवार आठ बाराती घायल हो गए, जिनमें चार की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। हादसे का मुख्य कारण वाहन चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र स्थित फरदा गांव से एक बारात सुलतानगंज के अकबरनगर स्थित मकनपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी बाराती वाहन से वापस अपने घर फरदा लौट रहे थे। इसी दौरान कमरगंज के पास चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और पीछे चल रहे बारात के अन्य वाहनों में सवार लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल हुए लोगों में अमन कुमार, अविनाश कुमार, बादल कुमार, शिवम कुमार, आदित्य कुमार, पीयूष कुमार सहित कुल 8 लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी और चिंता का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

