home page

जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की सातवीं वार्षिक आमसभा आयोजित

 | 
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की सातवीं वार्षिक आमसभा आयोजित


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, सुपौल की सातवीं वार्षिक आमसभा का आयोजन सहकार भवन में किया गया।

उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की उपस्थिति में आयोजित आमसभा में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बैंक के शेयरधारक सदस्य शामिल हुए। वहीं, कई प्रखंडों के शेयरधारक ऑनलाइन माध्यम से भी बैठक से जुड़े। बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक दीपक कुमार द्वारा बैंक के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे आमसभा में अनुमोदन प्राप्त हुआ। प्रबंध निदेशक ने बैंक की उपलब्धियों और वित्तीय प्रगति की जानकारी भी शेयरधारकों के समक्ष रखी। बताया गया कि बैंक में वर्तमान में कोई नॉन परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) नहीं है। साथ ही बैंक के मुनाफे में वृद्धि होने तथा बैंक की ग्रेडिंग संतोषजनक रहने की जानकारी दी गई।

बैंक की कार्यप्रणाली और प्रगति की जानकारी मिलने के बाद उपस्थित शेयरधारकों ने संतोष व्यक्त किया। आमसभा के दौरान शेयरधारकों ने बैंक एवं पैक्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की।

खाद आवंटन से लेकर पैक्स के कार्यों पर हुई चर्चा शेयरधारकों ने पैक्स के कार्यों का विस्तार करने, खाद के आवंटन, अध्यक्ष के चुनाव, पैक्स कर्मियों के वेतन, लाभांश प्रमाण पत्र, समय पर राशि उपलब्ध कराने तथा समानुपातिक लक्ष्य निर्धारित करने सहित विभिन्न विषयों को बैठक में उठाया। शेयरधारकों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े समस्याओं और सुझावों को बैंक प्रबंधन के समक्ष रखा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने कहा कि सहकारी बैंक के प्रति शेयरधारकों का बढ़ता विश्वास वित्तीय अनुशासन का परिचायक है। उन्होंने बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों पर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा उपस्थित शेयरधारकों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। बैठक में सहायक प्रबंध निदेशक के साथ बैंक के शेयरधारक, पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र