अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्चे मकान पर पलटा बालु लदा ट्रक, सात लोग घायल
भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शुक्रवार को बालु लदा ट्रक सड़क किनारे एक कच्चे मकान पर पलट गया।
ट्रक भवानीपुर थाना के सामने खगड़िया की ओर से आ रहा था। इस घटना में एक ही परिवार के सात से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि दो बच्चों के ट्रक और बालू के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भवानीपुर थाना पुलिस राहत कार्य में जुट गई।
बताया जा रहा है कि इस घटना में भिखारी मलिक के परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया। घायलों में इंदु देवी (40), नीरज कुमार (22), गुड्डू मलिक (28), कारे मलिक (14), ममता कुमारी (17), सपना कुमारी (12), मौसम कुमारी (20) और प्रीतम कुमार (7 माह) शामिल हैं। उधर चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल इंदु देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है।
गुड्डू मलिक के दो बच्चे ट्रक और बालू के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्हें निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
उधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नारायणपुर बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया।
मौके पर मौजूद भवानीपुर थाना पुलिस लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

