सहयोग शिविर में 78 आवेदन, 31 मामलों का मौके पर निपटारा
किशनगंज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को किशनगंज प्रखंड की महीनगांव पंचायत में सहयोग शिविर लगाया गया। पंचायत भवन परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से किय
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में सड़क, आवास, राशन, पेंशन, राजस्व, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल समेत विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। विभिन्न विभागों के प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी अलग-अलग काउंटर पर मौजूद रहे और ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की। राजस्व एवं भूमि सुधार, आपूर्ति, सामाजिक कल्याण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, स्वास्थ्य, आवास और ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 31 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीएम नवीन कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच नियमानुसार करते हुए अनावश्यक विलंब के बिना कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान करना है। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न लोक सेवाओं का लाभ भी मिला। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा मनरेगा जॉब कार्ड समेत आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। इससे ग्रामीणों को प्रखंड और जिला मुख्यालय जाने की परेशानी से राहत मिली।एसपी संतोष कुमार ने भी ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा आवश्यक मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। शिविर के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। मौके पर अंचलाधिकारी, पंचायत की मुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

