पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम
किशनगंज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक डगरी बस्ती के वार्ड संख्या तीन निवासी मो. कुतुबुद्दीन है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में शव क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान बुजुर्ग किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आए, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

