किशनगंज में 65वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 20 से अधिक टीमों ने दिखाया दमखम
किशनगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज में शनिवार को 65वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं बीएसएफ के डीआईजी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी। उद्घाटन समारोह में एडीएम आपदा, एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारियों, खेल पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के पहले ही दिन राज्य के विभिन्न जिलों से आई 20 से अधिक टीमों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह से पूरा खेल परिसर खेलमय माहौल में तब्दील हो गया। उद्घाटन मुकाबला मुजफ्फरपुर और सारण की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबला पेश किया, जिसकी दर्शकों ने जमकर सराहना की। जिला खेल पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।
खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और खेल मैदान की व्यवस्था को विशेष रूप से दुरुस्त किया गया है, ताकि प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आयोजन को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों का सहयोग मिल रहा है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक है।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना सबसे महत्वपूर्ण है। बीएसएफ के डीआईजी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता आगामी दिनों तक चलेगी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें कई रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

