home page

एक सप्ताह में 61 गिरफ्तारियां, 7.87 लाख रुपये का वाहन जुर्माना

 | 
एक सप्ताह में 61 गिरफ्तारियां, 7.87 लाख रुपये का वाहन जुर्माना


किशनगंज, 10 अगस्त (हि.स.)। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 3 अगस्त से 9 अगस्त तक चलाए गए अभियान के दौरान कुल 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में वाहनों से 7 लाख 87 हजार रुपये शमन राशि वसूल की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 306.3 लीटर विदेशी शराब और 82 लीटर देशी शराब बरामद की। इसके अलावा 280 लॉटरी टिकट, 313 ग्राम चांदी, 30 मीटर कॉपर तार और तीन एलुमिनियम के बर्तन भी जब्त किए गए। पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 मवेशियों को बरामद किया गया। चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल, दो ट्रैक्टर, दो पिकअप, एक ट्रक, एक कार, एक स्कॉर्पियो, एक स्कूटी और एक मोटर भी बरामद या जब्त की है।

एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, पशु तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह