ब्राउन शुगर और एमडीएमए बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 13 सितंबर (हि.स.)। सीमावर्ती किशनगंज में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी की 41वीं बटालियन और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में टीम ने 507 ग्राम ब्राउन शुगर और 814 ग्राम एमडीएमए (एम्फेटामिन) बरामद किया। मौके से एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, जब्त नशीले पदार्थों की कीमत अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।
बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। नशीले पदार्थों के अलावा आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। इसके साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। हथियार मिलने के बाद जांच एजेंसियां अब नशा तस्करी के साथ हथियार कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर और एमडीएमए की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां जब्त मोबाइल फोन की भी जांच कर रही हैं। कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मामले के संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसबी और बिहार पुलिस की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

