बिहार के सहरसा में 40 वर्षीया गीता देवी की करेंट से मौत
सहरसा, 08 अगस्त (हि.स.)।
जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र रहुआ गांव धनकुरिया बहियार में शनिवार को खेत में फसल सुरक्षा हेतु लगा बिजली करंट से 40 वर्षीया गीता देवी की मौत हो गई। मृतका धबौली पूर्वी पंचायत के वार्ड 6 निवासी गुलट मंडल की पत्नी थी।मवेशियों के लिए चारा लेकर खेत से लौट रही थीं। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कहरा-धबौली मुख्य सड़क को धबौली खेल मैदान के पास जाम कर दिया। बहियार में में एक किसान ने फसल को घोड़पड़ास से बचाने के लिए खेत में बिजली का करंट छोड़ा था। सुबह करीब 11 बजे गीता देवी दूसरी महिला के साथ चारा लेकर लौट रही थीं। खेत में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान,प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रदेव कुमार निराला, अंचल अधिकारी संजय कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान, एसआई पशुराम सिंह और पतरघट थाना के एसआई अब्दुल मन्नान ने ग्रामीणों को समझाकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। मृतका के पति परदेश में मजदूरी करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

