home page

कामाख्या से जम्मू का 'सीक्रेट रूट' बेनकाब: कटिहार जंक्शन पर धरे गए 4 अवैध रोहिंग्या

 | 
कामाख्या से जम्मू का 'सीक्रेट रूट' बेनकाब: कटिहार जंक्शन पर धरे गए 4 अवैध रोहिंग्या


कटिहार, 15 सितंबर (हि.स.)। कटिहार जंक्शन पर आरपीएफ (ईस्ट पोस्ट) की टीम ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से अवैध रूप से यात्रा कर रहे चार रोहिंग्या नागरिकों को पकड़ा है।

पकड़े गए लोगों में 24 वर्षीय युवक मोहम्मद नूर और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। रेलवे न्यायालय में पेशी के बाद रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के आदेश पर युवक को जेल भेज दिया गया, जबकि तीनों नाबालिग लड़कियों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के संरक्षण में सौंप दिया गया है।

रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ ने ट्रेन से चारों संदिग्धों को नीचे उतारा। जांच के दौरान इनके पास भारत में प्रवेश अथवा यात्रा से संबंधित कोई भी वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। तलाशी में इनके पास से एक मोबाइल फोन, 220 रुपये भारतीय मुद्रा और 1,090 टका बांग्लादेशी मुद्रा बरामद की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी मूल रूप से म्यांमार के रहने वाले हैं और असम के कामाख्या स्टेशन से ट्रेन पकड़कर जम्मू जा रहे थे। मामले में आरपीएफ की एलएसआई सारिका कुमारी के बयान पर कटिहार रेल थाने में कांड संख्या 183/2026 दर्ज किया गया है।

रेल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस अवैध घुसपैठ के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। जांच की जा रही है कि ये लोग किस अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारत में दाखिल हुए और जम्मू में इन्हें किसके पास पहुंचाया जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह