home page

अज्ञात हाइवा की टक्कर से तीन युवक घायल, चालक फरार

 | 
अज्ञात हाइवा की टक्कर से तीन युवक घायल, चालक फरार


भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के जगदीशपुर फोरलेन मोड़ के पास सोमवार को तेज रफ्तार एक अज्ञात हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में रिफातपुर निवासी लव दास, कुश दास और पश्चिम बंगाल निवासी मो. आसिम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों घायलों को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुश दास का बायां हाथ टूट गया है, जबकि लव दास के मुंह में गंभीर चोट आई है। वहीं मो. आसिम भी घायल हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार हाइवा और चालक की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि जगदीशपुर फोरलेन मोड़ पहले से ही हादसों के लिए कुख्यात रहा है। लगातार दुर्घटनाएं होने के बावजूद यहां सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर