home page

आग लगने से 3 दुकान और 2 घर जले

 | 
आग लगने से 3 दुकान और 2 घर जले


भागलपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड स्थित गंजी मिल के समीप बीते देर रात भीषण आग लग ग। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकान और दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में आरती देवी, मुर्शीद के बेटे राजा (पंचर दुकान), अर्जुन चौधरी और गीता देवी की संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम तीन बड़ी और एक छोटी गाड़ी के साथ पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। पीड़ितों ने स्थानीय शरारती तत्वों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि कुछ युवक रोजाना पास की दुकान की छत पर बैठकर गांजा, शराब और सिगरेट का सेवन करते थे। वे दुकानदारों से माचिस और नाश्ते की मांग करते थे और मना करने पर पहले भी दुकान जलाने की धमकी दे चुके थे। पीड़ितों के अनुसार, घटना की रात भी उक्त युवक मौके पर मौजूद थे और उन्हीं की हरकत के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरती देवी ने बताया कि वह किराना दुकान चलाती थीं, जबकि उनके पति शंकर यादव टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आग लगने से दोनों की आजीविका के साधन खत्म हो गए हैं। वहीं, गीता देवी ने बताया कि उनकी नतिनी काजल की शादी मई माह में होनी है, लेकिन इस घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर