home page

ट्रैफिक से राहत की उम्मीद पर सवाल, 39 करोड़ की परियोजना जांच के घेरे में

 | 
ट्रैफिक से राहत की उम्मीद पर सवाल, 39 करोड़ की परियोजना जांच के घेरे में


किशनगंज, 11 मई (हि.स.)। जिले में ठाकुरगंज शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बनाई जा रही बहुप्रतीक्षित बायपास सड़क अब निर्माण गुणवत्ता को लेकर विवादों में घिर गई है।

सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) मद से लगभग 39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना के पुल निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। निर्माण स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री पर गंभीर सवाल उठाए। स्थानीय निवासी मु. शब्बीर, मुख्तार, औरंगजेब समेत अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण में पीली बालू के बजाय स्थानीय बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में ओपीसी सीमेंट की जगह पीपीसी सीमेंट का उपयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि ठाकुरगंज लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। बाजार क्षेत्र में अक्सर घंटों जाम लगने से आम लोगों, व्यवसायियों और स्कूली बच्चों को परेशानी होती है। ऐसे में इस बायपास परियोजना से लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन शुरुआती चरण में ही गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों ने चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि निर्माण कार्य में अभी से लापरवाही बरती गई तो भविष्य में सड़क और पुल की मजबूती प्रभावित हो सकती है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की इस परियोजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह ठाकुरगंज के विकास और भविष्य से जुड़ा मामला है। इधर, सड़क निर्माण विभाग के एसडीओ गोपाल मंडल ने कहा कि संवेदक को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। विभाग का दावा है कि कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। हालांकि ग्रामीण विभागीय आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने निर्माण सामग्री की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है और कहा है कि वे आगे भी निर्माण कार्य की निगरानी करते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह