सारण में रेल टिकट जाँच विशेष अभियान में 38 बिना टिकट यात्री धराए
सारण, 11 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत सारण प्रमंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन का सघन अभियान जारी है।
इसी कड़ी में शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई छपरा कचहरी– मशरख– दुरौंधा रेलखंड पर केंद्रित रही। यह कार्रवाई छपरा, सिवान, मशरख, छपरा कचहरी और दुरौंधा स्टेशनों को आधार बनाकर किए गए हैं।
अभियान के दौरान जांच टीम ने गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी– थावे डेमू और गाड़ी संख्या 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली मेल एक्सप्रेस सहित सिवान–एकमा–छपरा रेलखंड पर चलने वाली कई सवारी व एक्सप्रेस ट्रेनों में औचक व सघन जांच की।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर के संयुक्त नेतृत्व में 5 टिकट जांच कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल के 2 जवानों की टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कड़ी चेकिंग के दौरान कुल 38 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए। इन सभी उल्लंघनकर्ताओं से मौके पर ही कुल 23,170 रुपए का अर्थदण्ड वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
मुख्य प्रचार निरीक्षक हिमांशु राव ने बताया कि इस अभियान का व्यापक असर संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर भी देखने को मिला, जहाँ वैध टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने आम जनता से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही गरिमापूर्ण यात्रा करें और स्टेशनों व ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना बहुमूल्य सहयोग दें।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

