home page

सुपौल में 37 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
सुपौल में 37 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 18 अगस्त (हि.स.)। भीमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 37 किलो गांजा बरामद किया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक सीएनजी ऑटो और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। बरामद गांजे की कीमत पुलिस ने करीब 40 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से लगभग 14.80 लाख रुपये आंकी है।

पहली कार्रवाई भीमपुर वार्ड नंबर-07 स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर की गई। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक सीएनजी ऑटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो में छिपाकर रखा गया 21 किलो गांजा बरामद हुआ।

मौके से भीमपुर वार्ड नंबर-08 निवासी गोपाल ठाकुर (35) को गिरफ्तार किया गया। वह स्व. महानंद ठाकुर का पुत्र है। पुलिस ने आरोपी को 16 अगस्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस ने कालागोविंदपुर गांव के वार्ड नंबर-03 स्थित रानीपट्टी नहर के समीप कार्रवाई की। यहां दो मोटरसाइकिलों की तलाशी के दौरान 16 किलो गांजा बरामद किया गया।

मौके से प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तेकुना वार्ड नंबर-07 निवासी शलेन्द्र कुमार (25) और जदिया थाना क्षेत्र के हीरापट्टी वार्ड नंबर-12 निवासी रामवृक्ष साह (36) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और उसकी संभावित आपूर्ति के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र