home page

बहबलपुर में स्थापित होगी बिहार की सबसे विशाल 32 फीट ऊंची मां वामकाली की प्रतिमा

 | 
बहबलपुर में स्थापित होगी बिहार की सबसे विशाल 32 फीट ऊंची मां वामकाली की प्रतिमा


भागलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत रामपुर खुर्द पंचायत के बहबलपुर गांव में काली पूजा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहां स्थापित होने वाली मां वामकाली की 32 फीट ऊंची प्रतिमा को बिहार की सबसे विशालतम प्रतिमाओं में से एक माना जाता है। करीब चार सौ वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक परंपरा के गवाह बनने और मां के दर्शन के लिए हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से यहां पहुंचते हैं। बहबलपुर काली पूजा समिति के मेढ़पति अजय सिंह ने मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि करीब 400 वर्ष पूर्व गांव के ही काली सिंह को मां काली ने स्वप्न में दर्शन दिए थे। मां ने उन्हें गांव स्थित पीपल के पेड़ के नीचे अपनी स्थापना करने का आदेश दिया था। उसी समय से यहां विधिवत पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई, जो आज भी पूरी आस्था और भव्यता के साथ जारी है। वर्तमान में भी मां की मुख्य पिंडी उसी पीपल के वृक्ष के नीचे स्थापित है। समिति के सदस्यों ने बताया कि मूल रूप से प्रतिमा की ऊंचाई 32 फीट रखी जाती है, लेकिन भव्य मुकुट और विशेष साज-सज्जा के बाद इसकी कुल ऊंचाई करीब 35 फीट तक पहुंच जाती है। विशालकाय प्रतिमा के निर्माण को लेकर कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। पूजा समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चार दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। 8 नवंबर देर रात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। 9 नवंबर को मंदिर प्रांगण में पारंपरिक रूप से पाठा बलि दी जाएगी। 10 नवंबर को श्रद्धालुओं के मनोरंजन और उत्साह के लिए भव्य मेले का आयोजन होगा। और 11 नवंबर को गाजे-बाजे और जयकारों के साथ मां की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर